सारकोट में कृषि, उद्यान एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर जोर, जिलाधिकारी ने की विभागवार समीक्षा

मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत सारकोट में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश
चमोली –
मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत विकासखंड गैरसैंण की ग्राम पंचायत सारकोट में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विभागवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी गैरसैंण को ग्राम पंचायत सारकोट में जी राम जी के अंतर्गत संचालित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शैडो जोन में ऑनलाइन हाजिरी में छूट प्राप्त कर आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने को कहा, ताकि गांव में प्रस्तावित कार्यों की प्रगति प्रभावित न हो।
उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पॉलीहाउस निर्माण, वर्मी कम्पोस्ट तथा मिशन कीवी के अंतर्गत संचालित गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करने और कृषि एवं उद्यानिकी आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में चयनित कृषि भूमि को चेन लिंक फेंसिंग के माध्यम से सुरक्षित करने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग को सारकोट में स्वास्थ्य एवं जनस्वास्थ्य से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ देवेंद्र बिष्ट सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



