मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत सारकोट में विकास कार्यों की समीक्षा

चमोली –
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत विकासखंड गैरसैंण की ग्राम पंचायत सारकोट में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।ग्रामीण निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सारकोट के पांचों तोकों में लगभग 250 आवासों के सौंदर्यीकरण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने गौशालाओं के निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। सामूहिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभाग द्वारा कराए जा रहे लगभग 950 मीटर सोलर चेन लिंक फेंसिंग कार्य में तेजी लाने तथा इसे शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही प्राथमिक विद्यालय सारकोट में संचालित सिविल एवं अन्य विकास कार्यों को भी समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि ग्राम पंचायत सारकोट में 203 से अधिक कृषकों की 126.22 हेक्टेयर कृषि भूमि को चेन लिंक फेंसिंग के माध्यम से सुरक्षित किया जाना है। विभाग द्वारा 10 जियो लाइन टैंकों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है तथा चार टैंक निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त 1600 मीटर चेन लिंक फेंसिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि पूरे गांव को सोलर फेंसिंग से आच्छादित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को भी निर्देश दिए कि सारकोट में स्वास्थ्य एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में जिलाधिकारी ने सारकोट में किए जा रहे विकास कार्यों को आदर्श मॉडल बताते हुए विकासखंड के परवाड़ी गांव को भी इसी तर्ज पर विकसित करने के लिए खंड विकास अधिकारी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के के पंत,अधिशासी अभियंता अल्लादिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



