मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करें, जरूरतमंद को समय पर दें सहायता : स्वास्थ्य विभाग

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर स्वास्थ्य संस्थानों में शपथ एवं जनजागरूकता कार्यक्रम
चमोली –
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जनपद के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं कॉलेजों में शपथ और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आत्महत्या रोकथाम की शपथ ली। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आत्महत्या से जुड़े कलंक एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर सहायता उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। साथ ही Tele-MANAS हेल्पलाइन 14416 की जानकारी भी दी गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बातचीत, संवेदनशीलता से सुनना और जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर उचित सहायता से जोड़ना आत्महत्या की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जनपद में मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम को लेकर जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।


