भारत मौसम विभाग द्वारा चमोली जनपद हेतु 30 अक्टूबर के लिए जारी किया गया ओरेंज अलर्ट
सभी विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के दिए निर्देश
चमोली –
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 30 अक्टूबर 2026 को जनपद चमोली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जनपद में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके दृष्टिगत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चमोली ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहते हुए आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी ने बताया कि मौसम की चेतावनी को देखते हुए जनपद में सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागीय नोडल अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जनपद में ट्रेकिंग पर जाने वाले लोगों को बारिश के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को प्रत्येक स्तर पर तत्परता बनाए रखने, सुरक्षा एवं आवागमन व्यवस्था पर निगरानी रखने तथा आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थानीय कार्रवाई करते हुए सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने को कहा गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चमोली के दूरभाष नंबर 01372-251437, 9068187120 एवं 7579004644 पर तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।



