विभिन्न खेलों में 40 बालक-बालिकाओं ने किया प्रतिभाग, चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय ट्रायल में होंगे शामिल

आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए जनपदीय चयन/ट्रायल सम्पन्न*
चमोली –
खेल विभाग चमोली द्वारा वर्ष 2026-27 में आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए जनपदीय चयन/ट्रायल का आयोजन 09 एवं 10 सितम्बर, 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में किया गया। चयन प्रक्रिया में जनपद के विभिन्न विकासखंडों की शिक्षण संस्थाओं से आए कुल 40 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इनमें 34 बालक एवं 06 बालिकाएं शामिल रहीं।
जनपदीय चयन/ट्रायल के दौरान बालकों के लिए फुटबॉल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबाल एवं क्रिकेट तथा बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स, फुटबॉल, बॉक्सिंग, बैडमिंटन एवं हॉकी खेलों में प्रतिभागियों की खेल प्रतिभा का परीक्षण किया गया। इनमें एथलेटिक्स में 08 बालक एवं 02 बालिकाएं, फुटबॉल में 14 बालक, क्रिकेट में 02 बालक, बैडमिंटन में 04 बालक, वॉलीबाल में 03 बालक सहित अन्य निर्धारित खेलों में प्रतिभागियों ने चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
जनपद स्तर पर निर्धारित बैट्री टेस्ट एवं संबंधित खेलों के स्किल टेस्ट के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक-बालिकाओं का चयन राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के लिए किया गया है। चयनित प्रतिभागी अब निर्धारित तिथियों में राज्य स्तर पर आयोजित ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। राज्य स्तरीय चयन ट्रायल के तहत 15 एवं 16 सितम्बर, 2026 को विभिन्न खेलों के ट्रायल निर्धारित किए गए हैं। बॉक्सिंग (बालक/बालिका) के ट्रायल स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़, बैडमिंटन (बालक/बालिका) के स्पोर्ट्स स्टेडियम पौड़ी गढ़वाल, हॉकी (बालिका) के वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम हरिद्वार, एथलेटिक्स (बालक/बालिका) के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर), फुटबॉल (बालक/बालिका) के पवेलियन ग्राउंड देहरादून, वॉलीबाल (बालक) के स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर तथा क्रिकेट (बालक) के पूर्णानंद स्टेडियम, मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल में आयोजित किए जाएंगे।
जनपदीय चयन/ट्रायल प्रक्रिया में श्रीमती रश्मि बिष्ट, सुरेश बिष्ट, प्रदीप कन्याल, के.सी. पंत, तनवीर अहमद, दिनेश बिष्ट, अतुल कुमार एवं संगीता नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर खेल विभाग के एन.एस. नेगी, राजपाल सिंह, देवेन्द्र कठैत, उत्तम सिंह, अनूप सिंह, ताजबर कठैत, निखिल फरस्वाण, ओम प्रकाश, रमेश पंखोली, संतोष लाल, कीर्ति लाल, प्रदीप लाल सहित विभिन्न विकासखंडों की शिक्षण संस्थाओं से आए प्रतिभागी बालक-बालिकाओं के अभिभावक मौजूद रहे।


