Blog

स्थायी राजधानी गैरसैंण समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस का विधानसभा घेराव

दिवालीखाल बैरियर पर पुलिस से धक्का-मुक्की, वाटर कैनन से भीड़ को रोका

ख़बर को सुनें

गैरसैंण, चमोली –

उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस ने स्थायी राजधानी गैरसैंण, महिला सुरक्षा, बढ़ती महंगाई और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विधानसभा कूच किया। हजारों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विधानसभा की ओर बढ़ते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

मंगलवार को सुबह से ही कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों से रैली के रूप में विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जंगलचट्टी और दुपतोलासैंण बैरियर पर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं का हुजूम आगे बढ़ता गया और आखिरकार दिवालीखाल बैरियर तक पहुंच गया। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेट्स पर चढ़कर वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

करीब तीन घंटे तक दिवालीखाल क्षेत्र “स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाओ”, “महिला विरोधी सरकार नहीं चलेगी”, “अंकिता को न्याय दो” जैसे नारों से गूंजता रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान कई घंटे तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड और गैरसैंण के विकास के लिए कांग्रेस सरकार ने जो रोडमैप तैयार किया था, वह आज तक आगे नहीं बढ़ पाया है और इसमें वर्तमान भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में उत्तराखंड में खुशहाली और विकास का नया दौर आएगा। वहीं हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं से लोग परेशान हैं और अब समय आ गया है कि इस सरकार को हटाकर सुशासन वाली सरकार लाई जाए।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और महिला असुरक्षा लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती। प्रदर्शन के दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गैरसैंण मोहन भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष थराली सुनीता रावत, ब्लॉक प्रमुख द्वाराहाट डॉ. आरती किरोला, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, प्रदीप थपलियाल, पूर्व विधायक रणजीत रावत सहित पूरे प्रदेश से पहुंचे हजारों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

One Comment

Leave a Reply to Nishant pant Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button