जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्वयं भरा जनगणना-2027 का स्वगणना प्रपत्र, आमजन से भी की अधिकाधिक सहभागिता की अपील
16 से 30 नवम्बर तक संचालित हो रहा है स्वगणना अभियान, नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर भर सकते हैं ऑनलाइन प्रपत्र
चमोली –
जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने स्वयं ऑनलाइन स्वगणना प्रपत्र भरकर जनपदवासियों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे 30 नवम्बर तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का स्वगणना प्रपत्र स्वयं भरें और जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया को सरल एवं सहज बनाया गया है। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन अपने परिवार से संबंधित जानकारियां दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना प्रपत्र में कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रपत्र सफलतापूर्वक भरने के बाद प्रत्येक परिवार को ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि स्वगणना प्रपत्र भरने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखें, ताकि आगामी जनगणना प्रक्रिया के दौरान इसका उपयोग किया जा सके।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि स्वगणना प्रपत्र भरने से पूर्व पोर्टल के प्रारंभिक पृष्ठ पर उपलब्ध प्रश्नावली को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा आवश्यक जानकारियां तैयार रखें। साथ ही, भाषा का चयन सावधानीपूर्वक करें, क्योंकि एक बार भाषा का चयन करने के बाद उसमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में सहायक होते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वयं स्वगणना करने के साथ ही अपने परिवारजनों, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की।



