Blog

माँ नन्दादेवी ने दी आज्ञा, 5 सितम्बर 2026 से शुरू होगी ऐतिहासिक नन्दादेवी बड़ी जात यात्रा

ख़बर को सुनें

चमोली –

उत्तराखंड की आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति की प्रतीक श्री नन्दादेवी बड़ी जात यात्रा वर्ष 2026 के लिए विधिवत घोषित कर दी गई है। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नन्दादेवी सिद्ध पीठ कुरुड़ मंदिर में पंचांग पूजन और वैदिक विधि-विधान के साथ यात्रा तिथियों की घोषणा की गई।

मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान माँ नन्दादेवी के अवतारी पश्वा ने देवी की आज्ञा सुनाते हुए कहा, *“मुझे कैलाश होमकुंड की यात्रा पर जाना है।”* इसे देवी का आदेश मानते हुए गौड़ पुजारियों ने शुभ लग्न में यात्रा कार्यक्रम तय किया। घोषणा होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल उमड़ पड़ा।

मंदिर समिति अध्यक्ष सुखबीर सिंह रौतेला, उपाध्यक्ष कृपाल सिंह बिष्ट, सचिव हर्षवर्धन सिंह बिष्ट एवं गौड़ पुजारी परिवार के नरेश गौड़ ने बताया कि 5 सितम्बर 2026 को सायं 4 बजे सिद्ध पीठ कुरुड़ से यात्रा का शुभारंभ होगा। पारंपरिक डोली विभिन्न पड़ावों—धरगांव, कुमजुंग, लुणतरा, कांडई, सेमा, रामणी, वाण, गैरोली पातल, वेदनी, शिला समुद्र होते हुए त्रिशूली स्थित होमकुंड तक पहुंचेगी। 23 सितम्बर को यात्रा पुनः कुरुड़ में समापन करेगी।

रमणी पड़ाव पर बंड, दशम द्वार भगवती, लाता की नन्दादेवी, जाख देवता और बदरीनाथ की छंतोली का मिलन होगा, जबकि वाण में लाटू देवता सहित सभी देवी डोलियों का भव्य संगम होगा। ये पड़ाव यात्रा की आध्यात्मिक गरिमा को और विशेष बनाते हैं।बसंत पंचमी पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ढोल-दमाऊं की थाप, शंखनाद और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। चौसिंग्या खाडू (मेढ़ा) भी साज-सज्जा के साथ मंदिर पहुंचा, जिसने लोकपरंपरा की छटा को और जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख हीमा देवी, बड़ी जात यात्रा समिति अध्यक्ष कर्नल (से.नि.) हरेन्द्र सिंह सहित , कुरुड़ मंदिर के थोकदार वीरेंद्र सिंह रावत डिकोला  सहित अनेक जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु उपस्थित रहे।नन्दादेवी बड़ी जात यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हिमालयी संस्कृति, लोकआस्था और सामाजिक एकता का विराट उत्सव है, जो हजारों श्रद्धालुओं को एक सूत्र में पिरोता है। 2026 की यह यात्रा भी श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का भव्य संगम बनने जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button