उत्तराखंड

जंगल में घास लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, हाथ में गंभीर चोटें

ख़बर को सुनें

चमोली –

चमोली जनपद के गोपेश्वर नगर क्षेत्र से सटे पाडुली गांव के निकट मंगलवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब जंगल में घास लेने गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे ग्रामीणों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पाडुली गांव निवासी प्रियंका देवी मंगलवार सुबह रोजमर्रा की तरह जंगल में चारा-पत्ती लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई, लेकिन साहस और सूझबूझ दिखाते हुए उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और मोबाइल फोन से गांव में घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में प्रियंका देवी को जंगल से बाहर निकालकर जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के हाथ पर गुलदार के पंजों के गहरे घाव आए हैं, जिन पर 5 से 6 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासी योगेंद्र बिष्ट और पार्षद दीपक बिष्ट ने बताया कि पिछले कुछ समय से गोपेश्वर और आसपास के गांवों में जंगली जानवरों, विशेषकर भालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही थी। अब गुलदार के हमले ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि महिलाएं और ग्रामीण रोजमर्रा के कार्यों के लिए जंगलों पर निर्भर हैं, ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं जान-माल के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। घायल महिला का हालचाल जानने पालिकाध्यक्ष संदीप रावत भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, निगरानी तेज करने और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button