उत्तराखंड

देवाल में कांग्रेस का जनआक्रोश, सरकार का पुतला फूंका

जनविरोधी नीतियों, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन, जनआंदोलन की दी चेतावनी

ख़बर को सुनें

थराली-

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देवाल बाजार में भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और क्षेत्रीय समस्याओं के विरोध में जनआक्रोश रैली निकालकर सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनहित के मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमल गड़िया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टैक्सी पार्किंग से जनआक्रोश रैली निकाली, जो मुख्य बाजार से होते हुए स्टेशन परिसर पहुंची। यहां आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में जनसुविधाएं प्रभावित हुई हैं और आम जनता महंगाई, बेरोजगारी तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है।

सभा में वक्ताओं ने महंगाई, पेपर लीक प्रकरण, राम मंदिर में चोरी सहित विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर जनहित की उपेक्षा का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी पूरे क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रक्षा मंत्रालय से स्वीकृत ग्वालदम–नंदकेशरी–देवाल–वाण–तपोवन मोटर मार्ग का निर्माण कार्य बीआरओ को सौंपने, वर्ष 2017 में गठित देवाल तहसील का नियमित संचालन शुरू करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराने, बदहाल सड़कों के शीघ्र सुधार, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति तथा सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार गढ़वाल क्षेत्र की लगातार उपेक्षा कर रही है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जनसमस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर आंदोलन में भागीदारी की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button