नारायणबगड़ ब्लॉक के पालछूनी गांव की आस्था बिष्ट बनी लेफ्टिनेंट

नारायणबगड़-
नारायणबगड़ के पालछूनी गांव की आस्था बिष्ट के आर्मी मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट बनने पर उनके गांव समेत पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर छाई हुई है।
शुक्रवार को महाराष्ट्र के पुणे एएफएमसी में आयोजित पासिंग परेड में अंतिम पग बाधा पार करने के साथ ही आस्था बिष्ट लेफ्टिनेंट बनी। इस मौके पर उनके माता पिता और सभी परिजन पासिंग परेड में मौजूद थे। बिटिया के लेफ्टिनेंट बनने पर अपने को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। लेफ्टिनेंट आस्था बिष्ट को कमांड हॉस्पिटल चण्डीगढ़ में पहली तैनाती मिली है। उनके पिता अशोक बिष्ट आईटीबीपी में सबइंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं,और माता बिमला देवी गृहिणी हैं। अभी हाल ही में उनके बड़े भाई आर्यन बिष्ट सूचना प्रसारण मंत्रालय में बतौर साइंटिस्ट नियुक्त हुए हैं। और दादा दुलपसिंह बिष्ट भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। लेफ्टिनेंट आस्था बिष्ट ने अपनी पढ़ाई केन्द्रीय विद्यालय देहरादून से की है।
शुक्रवार को जैसे ही उनके लेफ्टिनेंट बनने की खबर क्षेत्र में पहुंची पालछूनी गांव में खुशी का माहौल छा गया। गांव की प्रधान तुलसी देवी, पूर्व प्रधानाचार्य महावीर सिंह नेगी पूर्व प्रधान हुक्मसिंह बिष्ट ने कहा कि आस्था बिटिया ने अपनी कामयाबी से गांव तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। समाजसेवी डा हरपाल नेगी ,ब्लाक प्रमुख गणेश चंदोला, पूर्व विधायक डा जीतराम, ज्येष्ठ प्रमुख देवेंद्र रावत, कांग्रेस नेता संदीप कुमार पटवाल ने लेफ्टिनेंट आस्था बिष्ट और उनके परिजनों को बधाईयां और शुभकामनाएं दीं हैं।



