बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामला : एक नहीं, कई बार हुई चोरी!
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत, 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई को भी चढ़ावे से धनराशि निकालने के आरोप

-सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, ₹500 के नोटों की गड्डियां और अन्य भेंट सामग्री मोबाइल के नीचे छिपाकर ले जाता दिखा आरोप
–बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल देहरादून से गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश
चमोली –
विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े चढ़ावे और थाली भेंट की धनराशि में कथित हेराफेरी का मामला अब और गंभीर होता जा रहा है। पुलिस विवेचना में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे संकेत मिल रहे हैं कि यह घटना केवल 2 जुलाई तक सीमित नहीं थी, बल्कि इससे पहले भी कई बार चढ़ावे से धनराशि और भेंट सामग्री निकालने की घटनाएं हुईं। मंदिर के थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कई बार धनराशि और भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता दिखाई दिया है।
मामले में चमोली पुलिस ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को रविवार रात लगभग 10 बजे उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बदरीनाथ थाने लाकर पूछताछ की गई तथा सोमवार को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि 8 जुलाई को बदरीनाथ मंदिर के प्रभारी अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर कोतवाली बदरीनाथ में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में बताया गया कि 2 जुलाई को थाली भेंट गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर मंदिर समिति अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच समिति गठित की गई थी। प्राथमिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा मंदिर की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अवैध रूप से अपने कब्जे में लेने की पुष्टि हुई।
इनसाइ–+++सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात—-
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सबसे पहले सोना और चांदी के सिक्कों वाला एक पैकेट उठाता दिखाई दिया। इसके बाद वह एक सफेद लिफाफे से ₹500-₹500 के करीब 20 से 25 नोट निकालकर अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाता है और फिर उन्हें जेब में रख लेता है। कुछ देर बाद वह ₹500 के नोटों की एक पूरी गड्डी भी मोबाइल के नीचे छिपाकर गणना कक्ष से बाहर जाता हुआ दिखाई देता है। इसके अतिरिक्त चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट भी अपने कब्जे में लेते हुए आरोपी सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया है।
इनसेट —+++25 जून और 29 जून की फुटेज ने बढ़ाई सनसनी—–
पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया है कि 2 जुलाई से पहले 25 जून और 29 जून को हुई थाली भेंट गणना की सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां दर्ज हैं। 25 जून की फुटेज में आरोपी तीन बार मोबाइल फोन के नीचे नोटों की गड्डियां छिपाकर गणना कक्ष से बाहर जाता हुआ दिखाई दिया है। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि वह गणना के दौरान दानपात्रों से निकाली गई धनराशि में से ₹500 के नोट अलग कर उनकी गड्डियां बना रहा है और मौका मिलते ही उन्हें अपने साथ बाहर ले जा रहा है।
—++++ आस्था और पारदर्शिता से जुड़ा संवेदनशील मामला—-
देश के प्रमुख तीर्थस्थल श्री बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी का यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण अत्यंत संवेदनशील माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त हुए हैं तथा मामले की गहन विवेचना जारी है।
— प्रमुख बिंदु –बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले में बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार।
— 25 जून, 29 जून और 2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं।
— मोबाइल फोन के नीचे ₹500 के नोट, सिक्कों के पैकेट और भेंट सामग्री छिपाकर ले जाता दिखा आरोपी।
— देहरादून स्थित आवास से रविवार रात की गई गिरफ्तारी।
— करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील मामला।
इनसेट : क्या-क्या ले जाने के आरोप?
—- ₹500 के नोटों की गड्डियां,सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला, केसर के पैकेट, अन्य भेंट सामग्री,
इनसेट : जांच में जुटी एसआईटी
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में गठित एसआईटी और कोतवाली बदरीनाथ की टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।



