उत्तराखंड

मां नंदा की बड़ी जात की तैयारियों को अंतिम रूप

5 सितंबर से शुरू होगी ऐतिहासिक यात्रा

ख़बर को सुनें

नंदा नगर –

उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और लोक परंपरा का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन मां नंदा देवी राजराजेश्वरी की बड़ी जात आगामी 5 सितंबर से प्रारंभ होगा। इस ऐतिहासिक यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को सिद्धपीठ कुरूड़ मंदिर में बड़ी जात आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मंदिर समितियों, विभिन्न पड़ावों के अध्यक्षों, प्रधानों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में यात्रा को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक का आयोजन बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों की ओर से किया गया। इस अवसर पर थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट तथा नंदानगर की प्रमुख हीमा नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि मां नंदा की बड़ी जात किसी दल या व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की आस्था और संस्कृति का महापर्व है। उन्होंने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर सभी को इस यात्रा को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि सरकार यात्रा मार्गों, पैदल रास्तों, पुल-पुलियों एवं मोटर मार्गों के सुधार पर लगातार कार्य कर रही है तथा कुरूड़ से होमकुंड तक सभी पड़ावों की व्यवस्थाओं की निगरानी उनकी प्राथमिकता रहेगी।

विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि मां नंदा देवी से बढ़कर कोई नहीं है। यात्रा की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि यात्रा से जुड़े शेष आवश्यक कार्यों को पूरा कराने के लिए सरकार स्तर पर अंतिम प्रयास किए जाएंगे।नंदानगर की प्रमुख हीमा नेगी ने कहा कि सभी संबंधित पक्षों और ग्राम सभाओं को विश्वास में लेकर यात्रा का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत ने अब तक की गई तैयारियों और विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है।

बैठक में देवाल, नंदकेशरी, बंड क्षेत्र, दशमद्वार तथा जाख देवता के पश्वा सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सर्वसम्मति से बड़ी जात-2026 के सफल आयोजन का समर्थन करते हुए इसे ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधान हेमा देवी (कुरूड़), देवेश्वरी देवी, बसंती देवी (पेरी), पूजा देवी (कनोल), कुंवर राम (चरबंग), हीरा देवी (रामणी), प्रधान संगठन अध्यक्ष अवतार सिंह, क्षेत्र पंचायत संगठन अध्यक्ष दशरथ सिंह, ज्येष्ठ प्रमुख हीरा सिंह, हरी प्रसाद पुरोहित, अर्जुन सिंह, देव सिंह नेगी, भागवत सिंह, यशवंत सिंह, रघुवीर सिंह, व्यापार संघ अध्यक्ष नंदन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुखबीर सिंह रोतेला ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button