उत्तराखंड

अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चे पर भाजयुमो नेता, थराली अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू

ख़बर को सुनें

थराली ( चमोली )-

प्रदेश में भाजपा की सरकार है, लेकिन थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी ही अपनी सरकार के खिलाफ आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) थराली की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीन की सुविधा शुरू करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया गया है।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को समिति से जुड़े पदाधिकारी और क्षेत्र के युवा उपजिला चिकित्सालय परिसर में एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और शासन- प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर युवाओं ने अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर नाराजगी जताई। इसके बाद समिति अध्यक्ष एवं भाजयुमो मंडल अध्यक्ष संजय जोशी, भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष कैलाश जोशी सहित अन्य युवा अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए।

आंदोलनकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर दस दिन पूर्व ही शासन-प्रशासन को धरना-प्रदर्शन का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल की व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। बार-बार मांग उठाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों और सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा है। युवाओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनशन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

गौरतलब है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल है। इस अस्पताल पर थराली, देवाल और नारायणबगड़ तीनों तहसीलों की करीब 50 हजार की आबादी की स्वास्थ्य जरूरतों का जिम्मा है। इसके बावजूद यहां लंबे समय से आवश्यक जांच सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। स्थानीय लोग लगातार अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाते रहे हैं।

पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण मरीजों को छोटी-बड़ी जांच और उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को भी अन्य अस्पतालों के लिए रेफर किया जाता है। ऐसे में क्षेत्रवासियों का कहना है कि तीन तहसीलों की स्वास्थ्य सेवाओं का भार संभालने वाला यह अस्पताल लंबे समय से रेफर सेंटर बनकर रह गया है।

प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अपनी ही पार्टी की सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर अनशन पर बैठना पड़ा है। युवाओं के इस कदम से थराली क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। धरना स्थल पर पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेता मोहन राम आर्य ने युवाओं की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान पवन रावत, हरीश चंदोला, केदार पंत, योगेश देवराड़ी और सावन बिष्ट सहित कई युवा मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button