गमशाली में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने फहराया तिरंगा, सीमांत नागरिकों के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस

चमोली।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट ने भारत-तिब्बत सीमा के समीप स्थित वीरभूमि सीमांत गांव गमशाली में तिरंगा फहराया और स्थानीय नागरिकों के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सीमांत गांव केवल देश की अंतिम बसाहट नहीं हैं, बल्कि भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और अखंडता के जीवंत प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि जहां देश के वीर सैनिक सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, वहीं सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक राष्ट्र की सुरक्षा की सशक्त द्वितीय पंक्ति के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों, कठोर मौसम और सीमित संसाधनों के बावजूद सीमांत गांवों के लोगों का अटूट राष्ट्रप्रेम, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। जिला पंचायत अध्यक्ष बिष्ट ने गमशाली सहित देश के सभी सीमांत गांवों के नागरिकों तथा सीमा पर तैनात सेना के जवानों को नमन करते हुए कहा कि इनके त्याग, तपस्या और सतत जागरूकता से देश की सीमाएं सुरक्षित, सुदृढ़ और गौरवशाली बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीमांत क्षेत्रों में दिखाई देने वाला राष्ट्रभक्ति का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि भारत की आत्मा उसके गांवों में बसती है और उसकी शक्ति उसके सैनिकों एवं सीमांत नागरिकों के अटूट संकल्प में निहित है। इस दौरान उन्होंने सीमा के प्रहरी सैनिकों और सीमांत गांवों के समर्पित नागरिकों को कोटि-कोटि प्रणाम करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए उनके योगदान को नमन किया।



