उत्तराखंड

17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक जनपद में आयोजित होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

ख़बर को सुनें

सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगा विकास और जनकल्याण का संदेश

चमोली –

जनपद चमोली में केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों को आमजन तक पहुंचाने, योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मंगलवार को जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने अभियान के संबंध में प्रभारी मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी को अभियान की तैयारियों, प्रस्तावित गतिविधियों एवं विभागवार कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद में विभिन्न विभागों के समन्वय से जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा कार्य’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जनपद में 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत जनपद के प्रमुख स्थलों, अमृत सरोवर एवं जन-औषधि केन्द्रों आदि में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक विकसित भारत@2047 तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित निबंध, चित्रकला, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

सेवा कार्य’ के तहत शैक्षणिक संस्थानों में सरकार की प्रमुख पहलों, निर्णयों एवं नीतियों पर आधारित नाट्य मंचन किए जाएंगे। साथ ही पंचायत स्तर तक नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर अभिभावकों के साथ पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। टीकाकरण एवं पोषण अभियान के संबंध में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा बच्चों एवं अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में भाषण, चित्रकला एवं अन्य माध्यमों से विभिन्न सरकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण एवं अन्य सामुदायिक सेवा गतिविधियों की जाएगी। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत विकसित भारत@2047 से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसी क्रम में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के साथ विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से आमजन को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के दौरान ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

02 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी एवं खादी अपनाने का संकल्प लेते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के संबंध में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं तथा Fit India Movement से संबंधित गतिविधियों के साथ ही विकसित भारत के संकल्प को लेकर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, स्वदेशी वस्तुओं एवं स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा एवं विकास की गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों की विभागवार कार्ययोजना तैयार करते हुए आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाया जाए। बैठक में परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उप जिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल, अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button