गौचर में उक्रांद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आशीष नेगी का किया जोरदार स्वागत, प्रत्याशी नामित होने पर दिखा भारी उत्साह

गौचर (चमोली)।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) द्वारा आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किए जाने पर गौचर में सांगठनिक जिला चंद्रनगर गैरसैंण के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। ढोल-दमाऊ, गगनभेदी नारों और फूल-मालाओं के साथ हुए स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी राजनीतिक अभियान को पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
स्वागत कार्यक्रम में सांगठनिक जिला चंद्रनगर गैरसैंण के जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा, नगर अध्यक्ष नवीन पुजारी, गैरसैंण ब्लॉक अध्यक्ष जय नेगी, गिरीश सिरसवाल, केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट, केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत, केंद्रीय सचिव युवा उक्रांद राजा सिंह, मुकेश कुंवर , विकेंद्र खत्री,संजय बहुगुणा,रोहित बहुगुणा,शुभम् चौहान,अनिल बिष्ट,पंकज बिष्ट एवं बलवीर सिंह सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा ने कहा कि आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किया जाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनसमर्थन के बल पर उक्रांद अपने क्षेत्रीय मुद्दों एवं विचारधारा को मजबूती से जनता के बीच रखेगा। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन, रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्थायी राजधानी गैरसैंण जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर दल का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। वहीं, युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि आशीष नेगी को प्रत्याशी नामित किया जाना संगठन के लिए उत्साह का विषय है। युवा उक्रांद पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ उनके समर्थन में खड़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हक-हकूकों और क्षेत्रीय मुद्दों की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवा कार्यकर्ता पूरी मजबूती से कार्य करेंगे।
जिलाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती और प्रत्याशी की सफलता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने आशीष नेगी को शुभकामनाएं देते हुए आगामी राजनीतिक अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।



