उत्तराखंड

चीरबासा में पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति को मौत, मार्ग अवरुद्ध

ख़बर को सुनें

चीरबासा में पहाड़ी से पत्थर गिरने से मार्ग हो रहा है प्रभावित, जिला प्रशासन की टीमें मार्ग सुचारू करने में जुटी*

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, सोनप्रयाग एवं गौरीकुंड में स्थिति के अनुसार रोके जा रहे यात्री; लगातार हो रही अनाउंसमेंट से किया जा रहा अलर्ट*

रुद्रप्रयाग –

रूद्रप्रयाग, लोकसत्य- जनपद में लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत श्री केदारनाथ पैदल मार्ग सहित संवेदनशील क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 13 सितम्बर 2026 को प्रातः 10:53 बजे वाईएमएफ जवान द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग को सूचना दी गई कि चीरबासा हैलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा तत्काल सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड को घटना की जानकारी दी गई। सेक्टर अधिकारी द्वारा बिना विलंब किए वाईएमएफ, डीडीआरएफ, आपदा मित्र गौरीकुंड एवं पुलिस की रेस्क्यू टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक को गौरीकुंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से पोस्टमार्टम की कार्रवाई हेतु जिला चिकित्सालय भेजा गया। मृतक की पहचान  मदन मोहन तिवारी पुत्र  जयनारायण तिवारी, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम पठाली, थाना एवं तहसील ऊखीमठ के रूप में हुई है। लगातार हो रही वर्षा के कारण चीरबासा हैलीपैड के समीप पहाड़ी से लगातार मलबा एवं पत्थर आने के कारण श्री केदारनाथ पैदल मार्ग प्रभावित एवं अवरुद्ध हो रहा है। प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थान पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्थिति के अनुसार श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है तथा उन्हें अनाउंसमेंट के माध्यम से लगातार सतर्क किया जा रहा है।

पहाड़ी से लगातार पत्थर एवं मलबा आने के कारण मार्ग को सुचारु करने में भी चुनौती उत्पन्न हो रही है। इसके बावजूद प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में 26 श्रमिकों के माध्यम से मलबा एवं पत्थर हटाने का कार्य किया जा रहा है। डीडीएमए गुप्तकाशी की टीम द्वारा भी मार्ग से मलबा एवं पत्थर हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है।

श्री केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड एवं सोनप्रयाग द्वारा मौसम एवं पैदल मार्ग की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार सोनप्रयाग एवं गौरीकुंड में यात्रियों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोका जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित जोखिम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार अलर्ट किया जा रहा है तथा उन्हें प्रशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की जा रही है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा आपदा कंट्रोल रूम से श्री केदारनाथ पैदल मार्ग सहित जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को रेस्क्यू एवं राहत कार्यों में तत्परता बनाए रखने, मार्ग को सुरक्षित तरीके से सुचारु करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मौसम एवं मार्ग की परिस्थितियों के अनुसार ही यात्रियों की आवाजाही की अनुमति दी जा रही है। प्रशासन, पुलिस, डीडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र एवं संबंधित विभागों की टीमें जमीनी स्तर पर लगातार तैनात रहकर राहत, बचाव, निगरानी एवं मार्ग सुचारु करने के कार्य में जुटी हुई हैं।जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं आमजन से अपील की है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों एवं संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक जोखिम न लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button