क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम*

नारायणबगड़,-
विकासखंड नारायणबगड़ में आयोजित तीन दिवसीय शरदकालीन एवं शीतकालीन विकासखंड स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्राथमिक एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान में नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने दर्शकों को भी रोमांचित किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न एथलेटिक्स, खो-खो और कबड्डी के फाइनल मुकाबले कराए गए। प्राथमिक वर्ग की 100 मीटर बालक दौड़ में जीपीएस मूसाडियार के साहिल कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में जीपीएस किमोली की रिया प्रथम रहीं। लंबी कूद बालक वर्ग में जीपीएस किमोली के आकाश तथा बालिका वर्ग में जीपीएस हंसकोटी की प्राची ने बाजी मारी। खो-खो में संकुल कौब विजेता तथा संकुल नारायणबगड़ उपविजेता रहा।
जूनियर वर्ग की 100 मीटर बालक दौड़ में यूपीएस देवीधार किमोली के सबेश तथा बालिका वर्ग में यूपीएस माल की महिमा ने प्रथम स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में भी सबेश और महिमा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में भी बालक वर्ग में सबेश तथा बालिका वर्ग में महिमा प्रथम रहीं। ऊंची कूद के बालक वर्ग में यूपीएस बेडुला के अक्षित नैनवाल तथा बालिका वर्ग में यूपीएस मानूर की वर्षा ने पहला स्थान प्राप्त किया। कबड्डी बालिका वर्ग में यूपीएस माल की टीम विजेता तथा गैरबारम/रैई यूपीएस की संयुक्त टीम उपविजेता रही।
जूनियर वर्ग की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में सबेश और महिमा का दबदबा रहा। दोनों खिलाड़ियों ने 100 मीटर, 200 मीटर और लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन विभिन्न सांस्कृतिक और शेष स्पर्धाओं के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में नारायणबगड़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान क्रीड़ा प्रभारी, निर्णायक मंडल के सदस्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
