उत्तराखंड

जनता मिलन में जिलाधिकारी ने सुनीं 19 शिकायतें, अधिकारियों को प्राथमिकता से निस्तारण के दिए निर्देश

ख़बर को सुनें

चमोली –

चमोली जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने 19 शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान डुंग्री ने गांव के पार्किंग स्थल पर निजी कंपनी द्वारा मशीनें और वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने से मार्ग बाधित होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को तत्काल मामले का संज्ञान लेकर मार्ग सुचारु कराने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान रविंद्र झिंक्वाण ने डुंग्री गांव की पेयजल लाइन के सुधारीकरण तथा कौंज-पोथनी-बेलीधार मोटर मार्ग के निर्माण कार्य की जांच और गुणवत्ता में सुधार की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पेयजल लाइन के सुधारीकरण तथा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य की जांच और नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह रावत ने नारायणबगड़-परखाल और परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग रखी। उन्होंने रैगांव के समीप परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर हो रहे भूस्खलन के उपचार और सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश दिए। जनदेश के सचिव लक्ष्मण सिंह ने रुद्रनाथ पैदल मार्ग स्थित पनार बुग्याल में घोड़े-खच्चरों के चरान एवं चुगान पर प्रतिबंध लगाने तथा बुग्याल क्षेत्र की स्थिति का अध्ययन कराने के लिए जांच की मांग की। जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता मिलन में महावीर सिंह रावत, सारिका देवी, मनीषा देवी, सुनीता देवी, जयलाल, शशी देवी, नीता देवी और डॉ. जसवंत लाल सहित अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का समय से समुचित लाभ मिल सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, एसीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button