उत्तराखंड

जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में कूल्हे की हड्डी प्रत्यारोपण के सफल ऑपरेशन

ख़बर को सुनें

+फिसलने से फ्रैक्चर हुए 65 और 68 वर्षीय मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया सफल उपचार

चमोली –

जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में चिकित्सकों की टीम ने कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर की गंभीर समस्या से पीड़ित दो मरीजों का सफलतापूर्वक कूल्हे की हड्डी प्रत्यारोपण ऑपरेशन किया। दोनों मरीजों का उपचार अटल आयुष्मान योजना के अंतर्गत पूरी तरह निशुल्क किया जा रहा है।

नंदा नगर विकासखंड के राजबगठी गांव निवासी भरतु लाल (65) फिसलने के कारण बाएं कूल्हे में फ्रैक्चर होने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं दशोली विकासखंड के रोपा गांव निवासी तारा देवी (68) भी फिसलने के कारण दाहिने कूल्हे में फ्रैक्चर की समस्या से पीड़ित थीं। दोनों मरीजों के परिजन उन्हें जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लेकर पहुंचे।

अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अनुपम शर्मा द्वारा जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद दोनों मरीजों के ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। डॉ. अनुपम शर्मा की अगुवाई में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम गठित कर दोनों मरीजों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन टीम में निश्चेतक विशेषज्ञ डॉ. नेहा चौहान नेगी, सिस्टर वंदना, सहायक गौतम, राकेश नेगी और राजा शामिल रहे। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने पूरी सावधानी एवं विशेषज्ञता के साथ दोनों ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए।

अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपम शर्मा ने शनिवार को बताया कि दोनों मरीजों को कूल्हे की हड्डी में गंभीर समस्या के कारण चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने पूरी सावधानी के साथ दोनों ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए।

ऑपरेशन के बाद दोनों मरीजों की स्थिति स्थिर एवं संतोषजनक बताई गई है। मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में आवश्यक उपचार के साथ फिजियोथेरेपी भी कराई जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग धनिक ने सफल ऑपरेशन के लिए चिकित्सकों एवं पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button