
चमोली –
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी आस्था का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के विरुद्ध चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा कस दिया है।
दिनांक 27 अप्रैल 2026 को कोतवाली श्री बद्रीनाथ में मु0अ0सं0 01/2026, धारा 303(2), 317(2), 112(2), 313 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि इस अपराध में संलिप्त आरोपी एक सुसंगठित अंतर्राज्यीय गिरोह के रूप में योजनाबद्ध तरीके से टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। जिसके पश्चात पुलिस द्वारा इस गिरोह के चार सदस्यों सदस्यों 1-कृष्ण कुमार, निवासी भटिंडा, पंजाब, उम्र 28 वर्ष, 2-दिया, निवासी मोरमण्डी, भटिंडा, पंजाब, उम्र 25 वर्ष, 3-सुनील कुमार, निवासी भरतपुर, राजस्थान, हाल निवासी भटिंडा, पंजाब, उम्र 26 वर्ष, 4-ललित कुमार, निवासी अलवर, राजस्थान, उम्र 31 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
जांच में गिरोह की आपराधिक गतिविधियों की परतें लगातार खुलती चली गईं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों द्वारा श्री केदारनाथ धाम में भी टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में थाना सोनप्रयाग में मु0अ0सं0 08/2026, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के अंतर्गत भी अभियोग पंजीकृत है।
गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों, लगातार आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता तथा जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए चमोली पुलिस द्वारा आरोपियों का विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया गया। जिला मजिस्ट्रेट महोदय से गैंगचार्ट का अनुमोदन प्राप्त करने के उपरांत गिरोह एवं उसके सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।
चारधाम यात्रा जैसे संवेदनशील एवं अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए मैनुअल पुलिसिंग, मजबूत सुरागरसी-पतारसी और आधुनिक सर्विलांस तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।
एसपी चमोली के निर्देशों के अनुपालन में गठित टीम द्वारा लगातार कुशल सुरागरसी-पतारसी एवं तकनीकी निगरानी के आधार पर सफलता हासिल करते हुए उक्त अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के गैंग लीडर सुनील कुमार, निवासी भरतपुर, राजस्थान, हाल निवासी भटिंडा, पंजाब, उम्र 26 वर्ष को दिनांक 11 सितम्बर 2026 को देवप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया। जिसे नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। एसपी चमोली ने कहा कि आस्था की आड़ में संगठित एवं अंतर्राज्यीय अपराध करने वालों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों के लिए जनपद चमोली में कोई जगह नहीं है। संगठित अपराध के विरुद्ध चमोली पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

