Blog

मोटर मार्ग की मांग को लेकर महिलाएं विधानसभा परिसर में घुसीं

पुलिस ने हिरासत में लेकर मालसी अस्थायी जेल भेजा

ख़बर को सुनें

गैरसैण, –

उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन चोरड़ा से भराड़ीसैंण मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर चोरड़ा गांव की महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान करीब 40 महिलाएं सुरक्षा व्यवस्था को पार करते हुए विधानसभा परिसर के भीतर मुख्यमंत्री आवास के नजदीक तक पहुंच गईं।

मंगलवार को भराड़ीसैंण से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित चोरड़ा गांव की महिलाएं ग्राम प्रधान सूरज सिंह और महिला मंगल दल अध्यक्ष कविता देवी के नेतृत्व में विधानसभा की ओर कूच कर गईं। महिलाएं लंबे समय से चोरड़ा–भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के निर्माण की मांग कर रही हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने विधानसभा परिसर के भीतर पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की।

अचानक महिलाओं के विधानसभा परिसर में पहुंचने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 11:30 बजे सभी महिलाओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें बस के माध्यम से लगभग 10 किलोमीटर दूर मालसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाई गई अस्थायी जेल में भेज दिया गया।प्रदर्शन के दौरान कविता देवी, प्रीति देवी, सुलोचना देवी, देवेश्वरी देवी, दीपा देवी, सुरेशी देवी, ज्योति देवी, सरस्वती देवी सहित लगभग 30 से 40 महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं का कहना है कि सड़क के अभाव में गांव के लोगों को कई वर्षों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने सरकार से जल्द से जल्द चोरड़ा–भराड़ीसैंण मोटर मार्ग का निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button