वेतन विसंगति को लेकर माध्यमिक अतिथि शिक्षक करगे 10 फ़रवरी से आंदोलन
पोखरी-
वेतन विसंगति को लेकर माध्यमिक अतिथि शिक्षक संगठन के पदाधिकारी 10 फरवरी से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। संगठन के प्रदेश मंत्री राकेश लाल, मनवर सिंह नेगी, कैलाश उप्रेती, दुर्गेश नौटियाल, अनूप सिंह, अनुपमा गुसाईं सहित अन्य अतिथि शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं रखीं।
ज्ञापन में कहा गया कि जनवरी 2025 के शीतकालीन अवकाश, जून 2025 के ग्रीष्मकालीन अवकाश तथा जनवरी 2026 के शीतकालीन अवकाश का वेतन अब तक नहीं मिला है, जिससे अतिथि शिक्षक मानसिक तनाव और उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं। वहीं, विकासखंड पोखरी में स्थायी शिक्षकों की तैनाती से 11 अतिथि शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा बीते चार माह से वेतन न मिलने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।अतिथि शिक्षक संगठन ने स्पष्ट किया कि जनपद संगठन के आह्वान पर विकासखंड के सभी अतिथि शिक्षक-शिक्षिकाएं वेतन विसंगति दूर करने और लंबित भुगतान की मांग को लेकर 10 फरवरी से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।



