नदी के बीच पत्थर पर फंसी थी जिंदगी, पुलिस-SDRF-वन विभाग ने मिलकर चलाया महा-रेस्क्यू अभियान


चमोली –
गुरुवार को लगभग दोपहर में स्थानीय व्यक्ति द्वारा कोतवाली गोविंदघाट पर सूचना दी गई कि टैय्या पुल (पटमेली) के पास एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर फोरेस्ट रेंजर चेतना काण्डपाल भी अपनी टीम के साथ मौजूद थीं।
नदी के बीच एक पत्थर पर उक्त व्यक्ति फंसा हुआ दिखाई दिया, जहाँ पहुँच पाना बेहद कठिन और जोखिम भरा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF को मौके पर बुलाया गया। पुलिस, SDRF और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से बेहद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उस व्यक्ति को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान मऊनीष पुत्र लक्ष्यमप्पा, निवासी: करटजी, कर्नाटक के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह श्री बद्रीनाथ धाम के दर्शन हेतु आया था। यात्री को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार थाना स्तर पर किया जा रहा है। वर्तमान में पुलिस द्वारा कर्नाटक स्थित उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।



