उत्तराखंड

गुलदार ने मासूम को बनाया निवाला, प्रभावित क्षेत्र में स्कूल बंद

ख़बर को सुनें

पौड़ी गढ़वाल –

पोखड़ा ब्लाक के भतकोट गांव में बीती देर शाम को गुलदार ने एक चार की बालिका को निवाला बना दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचे डीएफओ गढ़वाल का घेराव कर जल्द गुलदार को मारने की मांग उठाई।

डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि बीती गुरुवार की देर शाम को गुलदार ने चार साल की दृष्टि पुत्री हरेंद्र सिंह को निवाला बना दिया। बताया कि सूचना पर रात्रि में ही थाना सतपुली से एक पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस तथा तहसीलदार चौबट्टाखाल के द्वारा स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से मृतक बालिका के शव को जंगल से गांव तक लाया गया। शुक्रवार को मौके पर एसडीएम सतपुली, चौबट्टाखाल, डीएफओ, तहसीलदार, वन रेंजर आदि के द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों व जन प्रतिनिधियों से वार्ता करने के बाद मृतिका बालिका दृष्टि पुत्री हरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम भटकोट तहसील चौबट्टाखाल के शव का पुलिस द्वारा पंचनामा किया गया। मौके पर ही पहुंची चिकित्सकों की टीम के द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया। वहीं, घटना पर पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत, सामाजिक कार्यकर्ता कविंद्र इष्टवाल ने कड़ी नाराजगी जताई है। कहा कि आए दिन पोखड़ा ब्लाक में गुलदार के हमले की घटनाएं हो रही है लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने डीएफओ को खूब खरी खोटी सुनाई। आरोप लगाया कि वन्यजीवों के हमले से निपटने में वन विभाग लगातार नाकाम साबित हो रहा है। वहीं, पोखड़ा व समीपवर्ती क्षेत्रों में नरभक्षी गुलदार के बढ़ते आतंक को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी पोखड़ा एवं बीरोंखाल मनोज कुमार जोशी ने बताया कि न्याय पंचायत कोलाखाल के अंतर्गत संचालित रा०प्रा०वि० पाटल्यूं, मयलगांव, पटोटी व जनता इंटर कॉलेज कुण्जखाल में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में शनिवार व सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, विकासखंड बीरोंखाल के राप्रावि तिमली, कण्डूली बड़ी, ढिस्वाणी, भरपूर बड़ा और राउप्रावि तिमली, कण्डूली बड़ी में भी कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यालयों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button