कांग्रेस के डीएनए में विकास:- लखपत बुटोला

पोखरी।
विकास खंड सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि देश और प्रदेश के समग्र विकास के लिए कांग्रेस जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और पिछले 9 वर्षों से रुके विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश में स्थापित बड़े-बड़े इंजीनियरिंग कॉलेज, वैज्ञानिक संस्थान और शिक्षण संस्थान कांग्रेस की ही देन हैं। आजादी के समय 500 से अधिक रियासतों को एक कर देश के निर्माण का श्रेय भी कांग्रेस को जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में विकास की रफ्तार थम गई है और देश में बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और अपराध बढ़े हैं।
पत्रकार वार्ता में विधायक बुटोला ने कहा कि चमोली जनपद और बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करना होगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल अपने दल के विधायकों वाले क्षेत्रों में विकास कार्यों पर ध्यान दे रही है, जबकि विपक्षी क्षेत्रों की उपेक्षा की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि विकास और जनहित के मुद्दों पर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट की गृह तहसील पोखरी में एसडीएम की तैनाती नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक सुविधाओं के अभाव के चलते वह केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया है। कई विभागों में अधिकारी और कर्मचारी नहीं हैं।
विधायक बुटोला ने पोखरी में उपजिला चिकित्सालय की स्थापना, एसडीएम की तैनाती तथा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें। सम्मान समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, गिरीश किमोठी, प्रशांत पंत, कुसुम कंडारी, सुनीता सहित सभी पार्षदों, पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को विधायक द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा से नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी सिताबू लाल, राजेंद्र कोठियाल, सुरजी देवी, आशा देवी, धीरेन्द्र सिंह रावत, राघवानंद डंगवाल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवि नेगी, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बिनीता देवी, प्रीती, ईश्वर मदवाल, राजपाल कोठियाल, कुंवर सिंह चौधरी, कुंवर सिंह खत्री, मयंक नेगी, देव बर्तवाल, हनुमंत कंडारी, विकेंद्र नेगी, समुद्रा देवी, तेजपाल बर्तवाल, कल्पना बर्तवाल, मदोधरी पंत, बीबीएस असवाल, महेंद्र गुसाईं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट श्रवण सती ने किया। फोटो विजुअल्स सलंग्न



