चार धाम यात्रा के दृष्टिगत बद्रीनाथ धाम यात्रा मार्ग की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का महानिदेशक स्वास्थ्य द्वारा निरीक्षण
यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश


चमोली (गोपेश्वर )
चार धाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महानिदेशक स्वास्थ्य, उत्तराखंड डॉ सुनीता टम्टा महोदया द्वारा जनपद चमोली के बद्रीनाथ धाम एवं यात्रा मार्ग में जनपद चमोली के अंतर्गत सभी चिकित्सा इकाईयों में स्थापित चिकित्सा स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग एवं धाम क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य इकाइयों, प्राथमिक उपचार केंद्रों, स्वास्थ्य जांच केन्द्रो ,आपातकालीन सेवाओं तथा तैनात चिकित्सा कार्मिकों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महानिदेशक ने चिकित्सालयों में उपलब्ध दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर, जीवन रक्षक उपकरणों एवं एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए आपातकालीन तैयारियों को मजबूत रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि चार धाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी चिकित्सीय दल सतर्क एवं तत्पर रहें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ अभिषेक गुप्ता,, प्रमुख चिकित्सा अधिक्षक डॉ अनुराग धनिक अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वैष्णव कृष्णा सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महानिदेशक ने यात्रियों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय टीम के प्रयासों की सराहना की तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए।



