मतदाता सूची की शुद्धता हेतु प्रशासन सक्रिय, ASD सत्यापन में राजनीतिक दलों की भागीदारी पर जोर
विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज, सभी दलों को बीएलए-02 नियुक्ति व समयबद्ध सत्यापन के निर्देश

चमोली –
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल सम्पादन हेतु पुनरीक्षण पूर्व तैयारियों के क्रम में शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, बीएलए-01 एवं बीएलए-02 के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य मतदेय स्थलवार तैयार अनुपस्थित, शिफ्ट एवं मृत मतदाताओं (ASD) की सूची का परीक्षण एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना रहा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद के कुल 592 मतदेय स्थलों पर राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-02 की तैनाती की जा रही है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 553 तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 575 बीएलए-02 नियुक्त किए गए हैं। जबकि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम) एवं बहुजन समाज पार्टी द्वारा अभी तक बीएलए-02 की नियुक्ति नहीं की गई है। इस पर उन्होंने संबंधित दलों को शीघ्र बीएलए-02 की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में व्यापक सहभागिता हो सके।
बैठक में यह भी बताया गया कि दिनांक 20 अप्रैल 2026 तक प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत 592 मतदेय स्थलों पर कुल 7589 ASD मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 1096 अनुपस्थित, 4950 शिफ्ट तथा 1543 मृत मतदाता शामिल हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि उपलब्ध कराई गई सूची का राजनीतिक दलों द्वारा गहनता से परीक्षण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की आपत्ति या संशोधन की आवश्यकता होने पर तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को अवगत कराया जाए।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निर्वाचन विभाग गीता राम उनियाल ने जानकारी दी कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से BLO एवं अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन कार्य किया जा रहा है। साथ ही, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से अद्यतन जानकारी संकलित की जा रही है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निर्वाचन विभाग गीता राम उनियाल, जूनियर असिस्टेंट प्रवीण भट्ट, संजय सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।



