श्री हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 का शुभारंभ, पहला जत्था गोविन्दघाट से रवाना

चमोली –
सिख श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। पंच प्यारों की अगुवाई, पावन निशान साहिब एवं बैण्ड-बाजों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था गोविन्दघाट गुरुद्वारे से पवित्र हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ। इस दौरान “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। गोविन्दघाट में आयोजित इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रथम जत्थे की अगुवाई पंच प्यारों द्वारा की गई, जिन्हें सिख परंपरा में सेवा, समर्पण और साहस का प्रतीक माना जाता है। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी कठिन लेकिन आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत की।
यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं चमोली पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है तथा प्रथम जत्थे के साथ विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहला जत्था शुक्रवार रात्रि घांघरिया स्थित गुरुद्वारे में विश्राम करेगा। इसके बाद शनिवार 23 मई को श्रद्धालु अंतिम पड़ाव हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्थान करेंगे। परंपरा के अनुसार प्रथम जत्थे के पवित्र धाम पहुंचने के बाद विधि-विधान एवं अरदास के साथ हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ आधिकारिक रूप से खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक होशियार पंखोली एवं प्रभारी निरीक्षक गोविन्दघाट चित्रगुप्त सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।



