अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को लेकर एचआरडीआई में आयोजित किया गया योग शिविर

चमोली –
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की ओर से गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी व निदेशक HRDI डॉ अभिषेक त्रिपाठी के निर्देशन में हर्बल रिसर्च एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (HRDI), मंडल में योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जनसामान्य को योग के प्रति जागरूक किया गया।
योगाभ्यास सत्र का संचालन योगाचार्य रघुवीर बर्त्वाल द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा यह शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
HRDI के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अरविन्द भण्डारी ने योग की महत्ता की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग का नियमित अभ्यास आवश्यक है तथा इसके माध्यम से व्यक्ति और समाज दोनों का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम के उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संस्थान परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेदिक विभाग गोपेश्वर एवं HRDI संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, चमोली डॉ. श्रवण कुमार त्रिपाठी, HRDI के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अरविन्द भण्डारी, योग नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ प्रकाश त्रिपाठी, चिकित्साधिकारी डॉ. हुकुम सिंह पंखोली, डॉ. विपुल बर्त्वाल, डॉ. रुद्र सिंह राणा एवं डॉ. इंदु कोहली सहित जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी कार्यालय गोपेश्वर, आयुष विंग पुरुष एवं महिला चिकित्सालय गोपेश्वर तथा आयुष विंग मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।



