युकेडी के केंद्रीय महामंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए पौध

चमोली –
विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल एवं उत्तराखंड स्टूडेंट फेडरेशन द्वारा ग्राम सभा सिरों कठूड में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम सभा के आसपास दर्जनों पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के जंगल, जल स्रोत और प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सरकार लगातार जंगलों का दोहन कर रही है, उसे देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है कि वह कम से कम 10 पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल भी स्वयं करे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर जनआंदोलन बनना चाहिए।
जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट ने कहा कि जिस प्रकार हमारे बड़े-बुजुर्गों ने उत्तराखंड के पहाड़ों और पर्यावरण को सहेज कर रखा, उसी प्रकार आज के युवाओं को भी पर्यावरण संरक्षण में विशेष भागीदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, यूकेडी कार्यकर्ता अशोक बिष्ट, दसौली ब्लॉक युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सौरभ बिष्ट, उत्तराखंड स्टूडेंट फेडरेशन के छात्र नेता धर्मेंद्र फ़र्शवान सहित उत्तराखंड क्रांति दल के अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय युवा उपस्थित रहे।



