जनहित के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें :- जिलाधिकारी

मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी के सुशासन और जनसेवा के निर्देश
चमोली –
जनपद में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा हेतु बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों, राजस्व प्रकरणों, भू-राजस्व एवं अन्य करों की वसूली, अभियोजन मामलों सहित अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की जिस दौरान अपर जिलाधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, पटल सहायक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी थराली को उप तहसील देवाल में सप्ताह में कम से कम एक दिन नियमित रूप से तहसील संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
जिलाधिकारी ने परिवहन, खनन, खाद्य पूर्ति, आबकारी तथा अन्य विभागों की राजस्व एवं कर वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वृद्धि के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।न्यायिक एवं राजस्व कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को अपने न्यायालयों में नियमित रूप से बैठकर सुनवाई करने तथा पुराने एवं नवीन लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित छापेमारी एवं चालानी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही में तेजी लाने तथा नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत नशीले पौधों के चिन्हीकरण एवं विनष्टीकरण की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अबरार अहमद, अलकेश नौड़ियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित तहसीलदार, पटल सहायक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
