देवाल गैस वितरण अनियमितता मामले में ठेकेदार हटाया, स्पष्टीकरण तलब
चमोली –
जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार के निर्देशानुसार देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित घटतौली की प्राप्त शिकायत का जिला पूर्ति विभाग द्वारा गंभीरता से संज्ञान लिया गया है।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे द्वारा जीपीवीपीएन गैस सर्विस, थराली को नोटिस निर्गत करते हुए प्रकरण के संबंध में तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त शिकायत के अनुसार दिनांक 09 जून को देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित रूप से गैस घटतौली किए जाने संबंधी एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। शिकायत में गैस एजेंसी से संबद्ध गैस वितरण कार्य में लगे एक व्यक्ति पर निर्धारित मानकों के अनुरूप गैस उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया गया है।
प्रकरण के संबंध में गैस एजेंसी द्वारा अवगत कराया गया है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति परिवहन ठेकेदार द्वारा नियुक्त श्रमिक था। मामला संज्ञान में आते ही एजेंसी प्रबंधन द्वारा संबंधित ठेकेदार को गैस वितरण कार्य से तत्काल प्रभाव से पृथक कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वर्तमान में गैस वितरण की व्यवस्था वैकल्पिक माध्यमों से सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि मामले की तथ्यात्मक जांच की जा रही है तथा संबंधित गैस एजेंसी से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही संबंधित समन्वयक को परिवहन ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है, जिसमें ठेकेदार को तत्काल हटाना, अनुबंध निरस्त करना, सुरक्षा निधि (सिक्योरिटी मनी) जब्त करना तथा अग्रिम आदेशों तक भुगतान रोकना शामिल है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों का संरक्षण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा उपभोक्ता हितों के प्रतिकूल आचरण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

