कर्णप्रयाग मे पार्किंग को लेकर विवाद, कई लोग घायल; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

**करणप्रयाग, –
मंगलवार को करणप्रयाग नगर क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए कुछ सिख यात्रियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हाथापाई में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों राजेश नेगी, कुंवर सिंह और देवराज रावत का आरोप है कि पार्किंग को लेकर शुरू हुई बहस के दौरान कुछ यात्रियों ने अचानक आक्रामक रुख अपनाया, जिससे विवाद बढ़ गया। घटना में एक स्थानीय व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस बीच घटना से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर घटना को लेकर लोगों की विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मामले की गंभीरता पर मौके पर पहुँचे डीएम चमोली और एसपी के साथ जनप्रतिनिधियो की बैठक मैं मांग उठाईं गई कि यात्रा बिना हथियार होनी चाहिये।
नगर पालिका परिषद करणप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर हेमकुंड यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन में समय-समय पर ऐसे विवाद सामने आते रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यात्रा पर आने वाले सभी यात्रियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश (एसओपी) जारी किए जाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

