उत्तराखंड

राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने किया हिलास भोजनालय का शुभारंभ

ख़बर को सुनें

यात्रा मार्गों पर और सामुदायिक भोजनालय स्थापित करने के दिए निर्देश :-  महेंद्र भट्ट

चमोली –

विकासखंड दशोली अंतर्गत मंडल घाटी सीएलएफ के तहत स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित सामुदायिक उद्यम “हिलास भोजनालय” का शुभारंभ रविवार को  राज्यसभा सांसद व  भाजपा  प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा किया गया।

यह पहल ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक सशक्तता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने ग्रामोत्थान परियोजना के उद्देश्यों एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। राज्यसभा सांसद  महेंद्र भट्ट ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय पहाड़ी उत्पादों को तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। इससे जहां स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा, वहीं उत्तराखंड की समृद्ध पारंपरिक खाद्य संस्कृति एवं स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भोजनालय के संचालन में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा ग्राहकों के प्रति व्यवहार का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से ही लोगों का विश्वास बढ़ेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित होंगे। राज्य  सभा सांसद ने परियोजना अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के प्रमुख यात्रा मार्गों पर ऐसे और सामुदायिक भोजनालय स्थापित किए जाने चाहिए, जिससे स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, जिला महामंत्री अरुण चमोली, जिला विकास अधिकारी कमलेश पंत, जिला परियोजना प्रबंधक शशिकांत यादव, समस्त सहायक प्रबंधक रीप के साथ स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button