विद्यालय पहुंची शिक्षिका पर लंगूर का हमला, घायल
बंदरों-लंगूरों के आतंक से दहशत में ग्रामीण, वन विभाग से कार्रवाई की मांग ।

पोखरी( चमोली )-
विकासखंड पोखरी की ग्राम पंचायत काण्डई-चंद्रशिला में बंदरों और लंगूरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ अब लोगों पर हमले की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। आज गुरुवार सुबह प्राथमिक विद्यालय काण्डई-चंद्रशिला में तैनात सहायक अध्यापिका पूजा चौधरी पर एक लंगूर ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया।जानकारी के अनुसार, सुबह विद्यालय पहुंचते ही आड़ू के पेड़ पर बैठे लंगूरों के झुंड में से एक लंगूर ने अचानक पूजा चौधरी पर झपट्टा मार दिया। हमले में लंगूर ने उनके बाल खींच लिए और बाएं कंधे पर नाखून मार दिए, जिससे वह गिरकर घायल हो गईं। विद्यालय में मौजूद बच्चों, दूसरी सहायक अध्यापिका, भोजन माताओं तथा आसपास के ग्रामीणों के शोर मचाने पर लंगूर वहां से भाग गया।
घटना के बाद उनके पति बृजेंद्र चौधरी उन्हें तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ रैबीज का इंजेक्शन लगाया और एहतियातन पांच इंजेक्शन का पूरा कोर्स लेने की सलाह देकर घर भेज दिया।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों और लंगूरों के झुंड लंबे समय से फसलों को चौपट कर रहे हैं। अब बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का अकेले घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान भगत सिंह भंडारी सहित ग्रामीणों ने केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं को पत्र भेजकर बंदरों और लंगूरों के आतंक से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है।इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों की टीम को तत्काल काण्डई-चंद्रशिला गांव भेजा जा रहा है, ताकि स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फोटो कैप्शन



