9 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का थराली में प्रदर्शन, सीएम को भेजा ज्ञापन

थराली –
अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर देवाल, थराली और नारायणबगड़ विकासखंडों की आशा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को तहसील मुख्यालय थराली में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय में सांकेतिक धरना दिया और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत तीनों विकासखंडों की आशा कार्यकर्ता देवाल तिराहे पर एकत्रित हुईं। इसके बाद उन्होंने देवाल तिराहे से एसबीआई मार्केट, मस्जिद मार्केट, लुवर बाजार और केदाबगड़ होते हुए तहसील कार्यालय तक जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और बाद में तहसील परिसर में सांकेतिक धरने पर बैठ गईं।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम 18 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने, राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान करने, कार्य के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये का मुआवजा, सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त 10 लाख रुपये देने तथा पल्स पोलियो अभियान में वर्तमान 75 रुपये के स्थान पर 200 रुपये मानदेय निर्धारित करने सहित 9 सूत्रीय मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व थराली ब्लॉक अध्यक्ष देवेश्वरी पुरोहित, देवाल ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति बिष्ट और नारायणबगड़ ब्लॉक अध्यक्ष सीमा नेगी ने किया। इस अवसर पर मुन्नी बिष्ट, मुंदोली चौहान, भागीरथी देवी, जानकी देवी, रेखा देवी, लीला देवी, संजू देवी, सावित्री देवी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।



