नारायणबगड़ अस्पताल में दर्दनाक हादसा: बाउंड्रीवाल गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

नारायणबगड़ –
चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल के अचानक भरभराकर गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान बहकर आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्रीवाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे कि पहले से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर पड़ी। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकालकर तत्काल उपचार शुरू किया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
स्थानीय पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशपाल सिंह, प्रमुख गणेश चंदोला,दलीप नेगी, ब्यापार मंडल अध्यक्ष जयबीर कंडारी लोगों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए अस्पताल सहित अन्य सरकारी भवनों की जर्जर संरचनाओं की समय रहते जांच और मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि क्षतिग्रस्त दीवार को पहले ही सुरक्षित तरीके से हटाया या मरम्मत की जाती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।





