उत्तराखंड

गोपेश्वर से प्राधिकारण हटाने की मांग तेज, महापंचायत में उठी पुरातत्व नियमों में शिथिलता की आवाज

ख़बर को सुनें

चमोली –

नगरपालिका गोपेश्वर क्षेत्र से प्राधिकारण हटाने तथा गोपीनाथ मंदिर परिसर के आसपास लागू पुरातत्व विभाग के नियमों में व्यावहारिक शिथिलता देने की मांग अब तेज हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर रविवार को गोपेश्वर में नगरवासियों की महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेते हुए इसे नगर के भविष्य और नागरिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।

महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में लागू प्राधिकारण व्यवस्था और पुरातत्व विभाग के जटिल नियमों के कारण लोगों को अपनी पुश्तैनी भूमि पर मकान निर्माण, मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन नियमों में व्यावहारिक सुधार किए बिना स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।

बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार संघ अध्यक्ष विनोद जोशी, नवल भट्ट, उषा रावत, शांति प्रसाद भट्ट, कमल किशोर डिमरी, बसंती देवी, मनीष नेगी और सतेन्द्र रावत समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि नगरवासियों के हितों की रक्षा के लिए गोपेश्वर नगर क्षेत्र से प्राधिकारण को समाप्त किया जाना चाहिए। साथ ही गोपीनाथ मंदिर से जुड़े क्षेत्र में पुरातत्व विभाग के नियमों में ऐसी शिथिलता दी जानी चाहिए, जिससे स्थानीय लोगों के परंपरागत अधिकार प्रभावित न हों।

वक्ताओं ने कहा कि 15 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री के गोपेश्वर दौरे के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री नगरवासियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार उनकी मांगों का समाधान करती है तो पूरा नगर मुख्यमंत्री का स्वागत करेगा, लेकिन मांगों की अनदेखी होने पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

महापंचायत को संबोधित करते हुए कमल किशोर डिमरी ने कहा कि यदि वर्तमान व्यवस्था जारी रही तो आने वाले समय में नगरवासियों का अपनी पुश्तैनी भूमि पर निर्माण करने का अधिकार प्रभावित होगा, जिसका खामियाजा प्रत्येक परिवार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए सभी नगरवासियों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।  महापंचायत में उषा फरसवान, मुकुल बिष्ट, ललित बिष्ट, हरि प्रसाद मामगाई, योगेंद्र सिंह, मन्नू नेगी, अनीता देवी, लीला रावत, हरेंद्र सिंह बिष्ट, विजय दीप, राकेश बिष्ट, प्रकाश सिंह सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button