नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर गर्भवती करने के मामले में थाना थराली पुलिस ने अभियुक्त को किया गिरफ्तार

चमोली –
22 जुलाई को वादी द्वारा थाना थराली में सूचना दी गई कि उसकी नाबालिग पुत्री काफी दिनों से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। नियमित चिकित्सकीय परीक्षण हेतु अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर द्वारा अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच के आधार पर उसे 26 सप्ताह की गर्भवती बताया गया। पूछताछ करने पर पीड़िता ने बताया कि अजय कुनियाल पुत्र योगेश्वर प्रसाद, निवासी मल्ला मुन्दोली, थाना देवाल, जनपद चमोली ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया तथा किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना थराली में *मु0अ0सं0-22/2026, धारा 61(1) बीएनएस एवं धारा 5(j)(ii)/6 पॉक्सो अधिनियम* के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए थाना थराली पुलिस को अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में थाना थराली पुलिस द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 22.07.2026 को अभियुक्त अजय कुनियाल को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



