राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर

युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिभा दिखाने का अवसर, इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए आवेदन प्रारंभ
चमोली –
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में आयोजित इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में कौशल विकास को बढ़ावा देना तथा उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है। उत्तराखंड कौशल विकास समिति के निर्देशानुसार जनपद में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक, कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगिता की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, समय-सारणी एवं चयन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। साथ ही कार्यशालाओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं विभिन्न प्रचार-प्रसार माध्यमों के जरिए भी युवाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपद के सभी पात्र युवाओं से इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिसके माध्यम से वे आगे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए इच्छुक युवा ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।पंजीकरण हेतु लिंक- https://www.skillindiadigital.gov.in/account/register?returnUrl=%2Findia-skills-competition



