उत्तराखंड

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की एक-एक प्रकरण पर जिलाधिकारी की विस्तृत समीक्षा

ख़बर को सुनें

–हर शिकायत का समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण निस्तारण करने के निर्देश

चमोली –

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर औपचारिक कार्रवाई दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं की वास्तविक समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि उनकी संतुष्टि प्राप्त हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना उचित कारण शिकायतों का अनावश्यक क्लोजर न किया जाए तथा ट्रांसफर किए गए मामलों का नियमित फॉलोअप करते हुए उनकी प्रगति पर सतत निगरानी रखी जाए।

समीक्षा के दौरान अधिक किराया वसूली से संबंधित एक शिकायत पर जिलाधिकारी ने एआरटीओ को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, नामांतरण (म्यूटेशन) से संबंधित शिकायत पर तहसीलदार गैरसैंण को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क के नाम परिवर्तन संबंधी शिकायत पर उन्होंने ब्रिडकुल एवं सैनिक कल्याण विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मांग एवं सुझाव से संबंधित शिकायतों पर भी नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर लंबित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों की पृथक समीक्षा कर उनका शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button