कर्णप्रयाग–ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग 41 घंटे बाद खुला

आमसौड़ में भारी भूस्खलन से 150 मीटर सड़क हुई थी बंद, बीआरओ ने युद्धस्तर पर हटाया मलबा
नारायणबगड़,-
नलगांव के समीप आमसौड़ में बुधवार देर रात हुए भारी भूस्खलन के कारण करीब 41 घंटे से बंद कर्णप्रयाग–ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग आखिरकार शुक्रवार को यातायात के लिए खोल दिया गया। पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर गिरने से करीब 150 मीटर हिस्से में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था।
मार्ग बंद होने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने गुरुवार सुबह से ही मार्ग खोलने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया। भारी बोल्डरों को हटाने के लिए पोकलैंड मशीनों की मदद ली गई। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे और पत्थरों के बीच बीआरओ कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए बहाल किया।
हाईवे बंद रहने के दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग जान जोखिम में डालकर पैदल मलबे वाले हिस्से को पार करने को मजबूर हुए। वहीं दूध, अखबार और डाक जैसी आवश्यक सेवाओं की सामग्री को भी सड़क के दोनों ओर पहुंचाकर आगे भेजा गया। हाईवे खुलने से यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, हालांकि बिजली आपूर्ति बहाल होने का अभी इंतजार है।
