उत्तराखंड

40 दिन बाद भी न्याय का इंतजार, पीड़ित परिवार ने फिर खोला मोर्चा

ख़बर को सुनें

14 अगस्त तक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी,

थराली –

स्वास्थ्य विभाग की कथित लापरवाही से 29 जून 2026 को ग्राम कुराड़, तहसील थराली निवासी नवजात शिशु सुरेंद्र उर्फ नरेंद्र कुमार की मृत्यु के मामले में 40 दिन बाद भी न्याय न मिलने से पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासियों का आक्रोश फिर बढ़ गया है। दोषियों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार एवं जनप्रतिनिधियों ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी थराली को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि घटना के बाद से पीड़ित परिवार लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रहा है। इस संबंध में कई बार तहसील प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराने के साथ धरना-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों में रोष है।

पीड़ित परिवार ने 7 अगस्त से क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पुनः धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ज्ञापन के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी थराली एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की ओर से 14 अगस्त 2026 तक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा तक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों के लिए तहसील प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग जिम्मेदार होंगे। पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासियों का कहना है कि मामला केवल एक परिवार को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही और लापरवाही के मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित करने से भी जुड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button