समौण अगली पीढ़ी तें” कार्यक्रम में दिखा पहाड़ी संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों का रंग

चमोली –
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में शिक्षा संकाय की ओर से *“समौण अगली पीढ़ी तें” (पारंपरिक पहाड़ी पकवान महोत्सव)* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
महाविद्यालय पहुंचने पर शिक्षा संकाय के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमित कुमार जायसवाल ने बैज अलंकरण एवं शॉल भेंट कर पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान बीएड द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षणार्थियों ने कक्ष में विभिन्न पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की प्रस्तुति दी। पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से व्यंजनों के बारे में जानकारी ली और उनके प्रयास की सराहना की।
इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। पूरे कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की पारंपरिक संस्कृति और पहाड़ी खान-पान की झलक देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने पारंपरिक खान-पान और संस्कृति को जानने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के प्राचार्य प्रोफेसर एम.पी. नगवाल सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।
