पोखरी मूसलाधार बारिश से पोखरी क्षेत्र बेहाल, कई मोटर मार्ग अवरुद्ध

पोखरी-
पोखरी विकास खंड मैं हुईं लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं, वहीं मवेशियों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। भारी बारिश से पकने की कगार पर पहुंच चुकी धान, झंगोरा और कौणी की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। जगह-जगह भूस्खलन, मलबा और पत्थर आने तथा पुश्ते टूटने से सड़क मार्गों की स्थिति भी भयावह हो गई है।एनपीसीसी के अधीन जौरासी-तोंजी मोटर मार्ग किमोठा गदेरे में भारी मलबा आने से अवरुद्ध है। वहीं लोक निर्माण विभाग के पोखरी-गोपेश्वर मोटर मार्ग पर दैवखाल में मलबा-पत्थर आने तथा पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर सेमी गवाण में मलबा आने से यातायात बाधित हो गया है।
इसके अलावा पीएमजीएसवाई के अधीन खन्ना-पैणी-कुजासू मोटर मार्ग भी कई स्थानों पर मलबा-पत्थर आने से बंद है। पोखरी-विशाल-बामनाथ मोटर मार्ग पर भिकोना और खाल के बीच चट्टान टूटने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। सड़कों के बंद होने से ग्रामीणों को आवाजाही करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि अवरुद्ध मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें भेज दी गई हैं और दिन तक दोनों मोटर मार्गों को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता मनमोहन बिजल्वाण ने बताया कि दोनों मोटर मार्गों पर मशीनें लगाकर मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। मार्गों को जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास जारी हैं।


