उत्तराखंड

वसुंधरा वॉटरफॉल के आगे बढ़ा नदी का जलस्तर, दूसरी ओर फंसा कानपुर का पर्यटक; स्थानीय युवकों ने संभाला मोर्चा, पुलिस-SDRF ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

ख़बर को सुनें

पुलिस को सूचना देने से लेकर रेस्क्यू तक स्थानीय युवाओं ने निभाई अहम भूमिका, पुलिस और स्थानीय लोगों के आपसी सामंजस्य से सुरक्षित निकाला गया पर्यटक

चमोली-

श्री बद्रीनाथ धाम दर्शन हेतु आए कानपुर निवासी एक पर्यटक के लिए 14 अगस्त का दिन उस समय मुश्किल भरा हो गया, जब वसुंधरा वॉटरफॉल से आगे घूमते हुए वह नदी के दूसरी ओर चला गया। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ जाने से वापस लौटने का रास्ता बंद हो गया और पर्यटक नदी के दूसरी ओर फंस गया।

घटना की जानकारी होटल व्यवसायी मंदीप भंडारी द्वारा कांस्टेबल चंदन नगरकोटी को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली श्री बद्रीनाथ पुलिस एवं SDRF की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस एवं SDRF टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय युवकों ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए फंसे पर्यटक की मदद के लिए मोर्चा संभाल लिया। मोहित बिष्ट, किशन बिष्ट, नितिन, सौरभ भंडारी, अंशु बिष्ट, धीरेन्द्र, सोनू एवं मोहित रावत ने तत्काल लकड़ियों की व्यवस्था कर नदी पर अस्थायी पुल तैयार करने का प्रयास शुरू किया। साथ ही दूसरी ओर फंसे पर्यटक तक खाने-पीने की सामग्री भी पहुंचाई गई, ताकि रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक वह सुरक्षित रह सके।

कुछ ही समय में कोतवाली श्री बद्रीनाथ पुलिस एवं SDRF की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय युवकों के साथ समन्वय बनाते हुए परिस्थितियों का आकलन किया और सुरक्षित तरीके से नदी के दूसरे छोर तक पहुंच बनाई। इसके बाद फंसे हुए पर्यटक को सुरक्षित रेस्क्यू कर नदी के इस छोर पर लाया गया तथा सकुशल कोतवाली श्री बद्रीनाथ पहुंचाया गया।

इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बना आपसी सामंजस्य एवं सहयोग बेहद महत्वपूर्ण रहा। स्थानीय युवाओं की तत्परता से लेकर पुलिस और SDRF की त्वरित कार्रवाई तक, सभी के समन्वित प्रयासों से पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।*रेस्क्यू टीम- कां0 कैलाश, कां अनीश (कोतवाली बद्रीनाथ), उ0नि0 मनोहर कन्याल, हे0कां0 सतेन्द्र रावत,कां0 प्रमोद मठपाल, कां0 प्रदीप लसियाल, कां0 मुकेश कुमार, कां0 धीरज पंवार, कां0 देवन्द्र लाल,कां0 धर्मेन्द्र प्रसाद,हो0गा0 हेमन्त सिंह, पैरामेडिक राहुल भंडारी (एसडीआरएफ)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button