25 सितंबर को जिला सेवायोजन कार्यालय गोपेश्वर में रोजगार मेला, विभिन्न कंपनियों में मिलेगा रोजगार का अवसर
चमोली –
जिला सेवायोजन कार्यालय चमोली, गोपेश्वर की ओर से 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे कार्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न निजी संस्थानों एवं कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। रोजगार मेले में सिपैट द्वारा प्रशिक्षण हेतु सहायक/मशीन ऑपरेटर पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए शैक्षिक योग्यता दसवीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण तथा आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
इसी प्रकार कैम्प 108 (कम्युनिटी एक्शन फॉर मोबिलाइजेशन प्रोग्राम) के लिए विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त स्काइविंग एडवाइजरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा न्यूनतम स्नातक योग्यता तथा एनएचआईटीआई के लिए स्नातक एवं अन्य निर्धारित शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
रोजगार मेले में टाटा स्किल डेवलपमेंट सेंटर द्वारा हॉस्पिटेलिटी सेक्टर में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। चयन प्रक्रिया के दौरान नियोजकों द्वारा साक्षात्कार/चयन परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित शैक्षिक योग्यता एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्रों सहित रोजगार मेले में प्रतिभाग करें और उपलब्ध रोजगार के अवसर का लाभ उठाएं।



