उत्तराखंड
मुनियाली गांव के पास दिन-दहाड़े बाघ का हमला, चार बकरियों को उतारा मौत के घाट; ग्रामीणों में दहशत

नंदप्रयाग। नगर पंचायत नंदप्रयाग के मुनियाली गांव के पास दिन-दहाड़े बाघ के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। बाघ ने गांव से महज 100 मीटर की दूरी पर बकरियों को अपना निवाला बना लिया। गनीमत रही कि बकरियां चुगा रही महिला बाल-बाल बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुनियाली गांव निवासी विक्रम मुनियाल की पत्नी बबली देवी सुबह गांव के पास बकरियां चुगा रही थीं। सुबह लगभग 10 से 10:30 बजे के बीच घात लगाए बाघ ने अचानक बकरियों के झुंड पर हमला बोल दिया। बाघ ने चार बकरियों को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया, जबकि एक बकरी को अपने साथ घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया। महिला के शोर मचाने और ग्रामीणों द्वारा हो-हल्ला करने पर बाघ बकरियों को छोड़कर झाड़ियों की ओर भाग निकला। यह घटना मुनियाली गांव से मात्र 100 मीटर की दूरी पर ग्राम पंचायत महड बगठी की सीमा के अंतर्गत हुई।
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन आरक्षी रश्मि बिष्ट अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर स्थिति की जानकारी जुटाई और मामले की रिपोर्ट अपने उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस रास्ते पर यह घटना हुई, वहां अत्यधिक झाड़ियां उगी हुई हैं, जिसका फायदा उठाकर बाघ वहां घात लगाकर बैठा था। इसी रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चे भी आवाजाही करते हैं। इस घटना के बाद से ग्रामीणों और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरा डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और झाड़ियों को साफ करवाने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


